NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला परिसदन में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित, विभागवार लंबित मामलों और जनहित से जुड़े प्रश्नों के अनुपालन की हुई समीक्षा
सरायकेला। झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह विधायक सुरेश पासवान की अध्यक्षता में बुधवार को सरायकेला परिसदन सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड विधानसभा में माननीय सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों के क्रियान्वयन एवं अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रश्नों, उनके निष्पादन की वर्तमान स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली गई।
बैठक से पूर्व उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी ने सभापति सुरेश पासवान को पुष्पगुच्छ भेंट कर जिले में आगमन पर स्वागत किया।
समीक्षा बैठक के दौरान सभापति ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों को गंभीरता से लेते हुए उनसे जुड़े जनहित के मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग लंबित प्रश्नों की नियमित समीक्षा करें तथा अनुपालन प्रतिवेदन में अब तक की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की स्पष्ट एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं।
जनता की समस्याओं को सदन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं विधानसभा के प्रश्न
सभापति सुरेश पासवान ने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रश्न आम जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सदन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में इन प्रश्नों से जुड़े मामलों के निष्पादन में विभागीय पदाधिकारियों की जवाबदेही और संवेदनशीलता बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अनुपालन की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा में दिए गए आश्वासनों एवं निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।
विभागवार कार्रवाई की ली गई जानकारी
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित विधानसभा प्रश्नों के अनुपालन, लंबित मामलों तथा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की। विभागवार समीक्षा के उपरांत सभापति ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

