रांची: झारखंड में लगातार बढ़ रही शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सोमवार को आदेश जारी कर राज्य के सभी स्कूलों में 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक कक्षाएं स्थगित करने का निर्णय लिया है।
यह आदेश राज्य में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों पर लागू होगा। प्री-नर्सरी, नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों के लिए इस अवधि में विद्यालय बंद रहेंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करते हुए गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
हालांकि, जिन विद्यालयों में उक्त अवधि के दौरान प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, वहां संबंधित सक्षम प्राधिकार अपने विवेक से परीक्षा आयोजन को लेकर निर्णय ले सकेंगे। इस आदेश को विभागीय सचिव की स्वीकृति प्राप्त है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में पहले से ही शीतकालीन अवकाश चल रहा था और सभी स्कूल 5 जनवरी को खुलने वाले थे। शीतलहर की गंभीरता को देखते हुए पहले 5 और 6 जनवरी को छुट्टी घोषित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 8 जनवरी तक कर दिया गया है।
