जमशेदपुर: मानगो नगर निगम अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को 4 बजे सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद द्वारा योजना के लाभुकों को नोटिस जारी किया गया।
सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद ने लाभुकों के घर-घर पहुंचकर आवास निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया और उन्हें कार्य के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन लाभुकों के आवास अब तक अधूरे हैं, वे यथाशीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करें।

प्रशासन की ओर से यह भी चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास निर्माण कार्य पूरा नहीं करने की स्थिति में संबंधित लाभुकों के विरुद्ध सर्टिफिकेट केस दर्ज करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान के दौरान नोडल सह नगर प्रबंधक दिनेश्वर यादव भी उपस्थित रहे। नगर निगम का उद्देश्य है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी लंबित आवासों को समय पर पूर्ण कर पात्र लाभुकों को आवास का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
