जमशेदपुर : नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत महापौर, अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों के लिए नाम निर्देशन वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या 91/2026 के अनुसार विभिन्न निकायों में कई प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया है, जिससे कई वार्डों में चुनावी समीकरण बदल गए हैं।
मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। वहीं वार्ड पार्षद पद से वार्ड संख्या 01 से अनीता महतो, 02 से मो. जावेद मनसूर, 09 से नितू सिंह, 16 से हरिश चन्द्र तामसोय, 18 से मोहम्मद नदीम अख्तर और वार्ड 33 से संजीत कुमार शर्मा ने अपना नाम निर्देशन वापस ले लिया है।
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद से नूतन सिंह ने नाम वापस लिया है। वार्ड पार्षद पद पर वार्ड 04 से मधुरेश बाजपेयी, वार्ड 13 से तरनुम निशा तथा वार्ड 16 से पायल कुमार, ध्रुप कुमार रजक और बिजय कुमार रजक ने भी अपना नाम वापस लिया।
चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए कोई नाम वापसी नहीं हुई है। हालांकि वार्ड 02 से सुलेखा रानी दास और वार्ड 09 से तानिया असगर ने वार्ड पार्षद पद की उम्मीदवारी वापस ले ली है।
नाम वापसी के बाद अब संबंधित वार्डों में चुनावी तस्वीर साफ हो गई है और मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना है। प्रशासन ने शेष प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है और आगे की चुनावी प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार होगी।

