News Lahar Reporter
Jamshedpur: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित उडूपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को पुलिस ने बुधवार तड़के जवाबी कार्रवाई में गोली मारकर घायल कर दिया। घायल आरोपियों की पहचान अजीत मंडल और मोहन यादव के रूप में हुई है। दोनों के पैर में दो-दो गोलियां लगी हैं।
घटना बुधवार तड़के करीब तीन बजे सोनारी के फागु बाबा मंदिर के पास हुई। पुलिस के अनुसार, उडूपी रेस्टोरेंट गोलीकांड के बाद गिरफ्तार अजीत मंडल और मोहन यादव को हथियार बरामद करने के लिए मरीन ड्राइव स्थित फागु बाबा मंदिर के पास ले जाया गया था।
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान मौका देखकर अजीत मंडल ने एक पुलिस जवान की पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अजीत मंडल और मोहन यादव दोनों घायल हो गए।
दोनों आरोपियों के पैर में दो-दो गोलियां लगी हैं। पुलिस ने घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, सिटी एसपी ललित मीना समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
सिटी एसपी ललित मीना ने बताया कि पुलिस टीम दोनों आरोपियों को हथियार बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस का हथियार छीनकर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और आरोपियों के पास मौजूद हथियारों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

