NEWS LAHAR REPORTER
हादसे में एक युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल; निर्माणाधीन एनएच-33 पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
चांडिल। चांडिल थाना क्षेत्र के जमशेदपुर-रांची मार्ग और कांड्रा मार्ग की क्रॉसिंग के समीप मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित टेलर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान छोटा गम्हरिया निवासी प्रेम महतो (20) के रूप में हुई है। घायल समीर दास को चांडिल अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर ले गए।
जानकारी के अनुसार, छोटा गम्हरिया निवासी प्रेम महतो और समीर दास ने करीब एक सप्ताह पहले ही चांडिल पॉलीटेक्निक में दाखिला लिया था। दोनों युवक मंगलवार सुबह बाइक से चांडिल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान जमशेदपुर-रांची मार्ग और कांड्रा मार्ग की क्रॉसिंग के समीप तेज रफ्तार टेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि प्रेम महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, समीर दास गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
क्रॉसिंग पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि दुर्घटना संभावित इस क्रॉसिंग पर पर्याप्त डिवाइडर, क्रॉसिंग सूचक और सुरक्षा संकेतक नहीं लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सरायकेला-कांड्रा मार्ग को जोड़ने वाली इस क्रॉसिंग पर वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों को क्रॉसिंग का अंदाजा लगाने में परेशानी होती है।
समाजसेवी अरुण बागड़िया ने आरोप लगाया कि एनएचआई और निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई है। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां तत्काल डिवाइडर, चेतावनी बोर्ड, क्रॉसिंग संकेतक और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
टेलर जब्त, चालक फरार
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टेलर संख्या NL-01-5754 को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद टेलर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

