NEWS LAHAR REPORTER
सड़क पर जलजमाव से दुर्घटना का खतरा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा; राहगीरों और वाहन चालकों में आक्रोश
जमशेदपुर। मानगो के न्यू पुरुलिया रोड की बदहाल स्थिति ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। जलजमाव के कारण वाहन चालकों को सड़क पर बने गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन चालक अचानक गड्ढों से बचने के लिए दिशा बदलते हैं, जिससे दूसरी गाड़ियों से टकराने का खतरा बना रहता है।
बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और बदतर हो जाती है। जगह-जगह पानी जमा होने से सड़क और गड्ढों का अंतर समझना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से न्यू पुरुलिया रोड की जल्द मरम्मत कराने, जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने तथा सड़क को गड्ढामुक्त बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते ठोस कदम उठाए।

