NEWS LAHAR REPORTER
टाटानगर-अजमेर वन-वे स्पेशल ट्रेन आज से, नवंबर में रांची, बिहार और अन्य रूटों पर भी होगा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन
जमशेदपुर: यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने चार विशेष ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। इनमें टाटानगर से लभा, राउरकेला से झंझारपुर, शालीमार से दरभंगा और संतरागाछी से अजमेर के बीच विशेष ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के परिचालन से झारखंड, बिहार और राजस्थान की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08009 संतरागाछी-अजमेर वन-वे स्पेशल का परिचालन 31 अक्टूबर शनिवार को किया जाएगा। यह ट्रेन संतरागाछी से दोपहर 1:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रविवार रात 11:55 बजे अजमेर पहुंचेगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत इस ट्रेन का ठहराव संतरागाछी, खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची और लोहरदगा में होगा।
इसी तरह ट्रेन संख्या 08181/08182 टाटानगर-लभा-टाटानगर स्पेशल ट्रेन का परिचालन तीन-तीन फेरे के लिए किया जाएगा। टाटानगर से यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को 5, 12 और 19 नवंबर को दोपहर 1 बजे रवाना होगी और अगले दिन शुक्रवार सुबह 4:50 बजे लभा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08182 प्रत्येक शुक्रवार को 6, 13 और 20 नवंबर को सुबह 5:20 बजे लभा से रवाना होकर उसी दिन रात 11:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव टाटानगर, चांडिल, मुरी और बोकारो स्टील सिटी में होगा।
वहीं, ट्रेन संख्या 08105/08106 राउरकेला-झंझारपुर-राउरकेला स्पेशल का परिचालन भी तीन-तीन फेरे के लिए किया जाएगा। राउरकेला से प्रत्येक गुरुवार यानी 5, 12 और 19 नवंबर को शाम 7 बजे ट्रेन रवाना होगी और अगले दिन शुक्रवार शाम 5 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वापसी में झंझारपुर से प्रत्येक शुक्रवार यानी 6, 13 और 20 नवंबर को रात 9 बजे प्रस्थान कर शनिवार शाम 7 बजे राउरकेला पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव राउरकेला, बानो, हटिया, रांची, मुरी और बोकारो स्टील सिटी में निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 08109/08110 शालीमार-दरभंगा-शालीमार स्पेशल ट्रेन का परिचालन तीन-तीन फेरे के लिए होगा। शालीमार से प्रत्येक मंगलवार यानी 3, 10 और 17 नवंबर को सुबह 10:15 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में दरभंगा से प्रत्येक बुधवार यानी 4, 11 और 18 नवंबर को रात 12:30 बजे प्रस्थान कर उसी दिन दोपहर 2:30 बजे शालीमार पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव शालीमार और संतरागाछी में होगा।
रेलवे की इस पहल से त्योहारों और अन्य कारणों से बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ विभिन्न रूटों पर आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

