NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर कोल्हान में दिखने लगा है। पूर्वी सिंहभूम जिले में गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई। इसके कारण दिन के तापमान में गिरावट आई और मौसम में ठंडक बढ़ गई। मौसम के बदले मिजाज ने आम लोगों के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। जिले के दारीसाई में 3.5 मिमी और बहरागोड़ा में 12 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पांचवीं तक के बच्चों की छुट्टी, शिक्षकों को स्कूल आना होगा
चक्रवात अकवान के प्रभाव और तेज हवा के साथ भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर एहतियाती आदेश जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ओर से पूर्वी सिंहभूम को ऑरेंज अलर्ट में रखे जाने के बाद शुक्रवार, 20 नवंबर को जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी स्कूलों में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी।
उपायुक्त की स्वीकृति के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक की ओर से जारी संयुक्त आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बच्चों को स्कूल नहीं आना है, लेकिन शिक्षक-शिक्षिकाओं की छुट्टी नहीं रहेगी। उन्हें विद्यालय पहुंचकर गैर-शैक्षणिक कार्य करना होगा और ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत जारी किया गया है।
80 हजार हेक्टेयर में खड़ी धान की फसल पर मंडराया खतरा
चक्रवात और बारिश की चेतावनी ने जिले के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस साल पूर्वी सिंहभूम में करीब 90 हजार हेक्टेयर भूमि पर धान की रोपनी की गई थी। इनमें से अब तक लगभग 10 हजार हेक्टेयर में ही धान की कटाई हो पाई है। ऐसे में करीब 80 हजार हेक्टेयर में धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है।
कई इलाकों में फसल कटाई के लिए तैयार है। ऐसे समय में तेज हवा और लगातार बारिश होने से धान की फसल खेतों में गिर सकती है। इससे फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।
20 नवंबर को भारी बारिश और 50 किमी की रफ्तार से हवा का अनुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार, 20 नवंबर को जमशेदपुर सहित दक्षिणी झारखंड और राज्य के मध्यवर्ती हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी आशंका है।
21 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे। जिले के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान है।
22 नवंबर को सुबह हल्के से मध्यम कोहरे के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

