NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रखर समाजसेवी निर्भय सिंह का शुक्रवार, 6 नवंबर को अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान और झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। स्थिति गंभीर होते देख परिजन उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाने के लिए निकले। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी सांसें थम गईं। बाद में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाजपा के सक्रिय और मुखर नेताओं में थी पहचान
निर्भय सिंह जमशेदपुर में भाजपा के सक्रिय और मुखर नेताओं के रूप में पहचाने जाते थे। राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। शहर की बुनियादी समस्याओं, यातायात सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली और सामाजिक न्याय जैसे विषयों को लेकर वे लगातार आवाज उठाते रहे थे।

उनके निधन से भाजपा संगठन ने एक सक्रिय नेता और समाज ने एक समर्पित जनसेवक खो दिया है।
आवास पर जुटने लगे नेता और समर्थक
निर्भय सिंह के निधन की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों में शोक व्याप्त हो गया। उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का पहुंचना शुरू हो गया।
भाजपा के जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। नेताओं का कहना है कि निर्भय सिंह का अचानक इस दुनिया से चले जाना पार्टी और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उनके जनहित से जुड़े कार्यों और संगठन के प्रति योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
जमशेदपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता निर्भय सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन, कोल्हान के राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक।
