NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी पुल के नीचे नवजात बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है
पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन जांच की प्रक्रिया पूरी होने तक शव को सुरक्षित रखा गया है। अब रांची से आने वाली फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम नवजात के शव की जांच करेगी। एफएसएल की जांच के बाद ही बच्चे की मौत से जुड़े अहम तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस इस मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नवजात को बड़ाबांकी पुल के नीचे किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा था। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बच्चे की मौत जन्म के बाद हुई थी या उसे मृत अवस्था में पुल के नीचे फेंका गया था।
फिलहाल पुलिस नवजात की पहचान और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है। एफएसएल टीम की जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

