NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया एसी का कॉपर ट्यूब, बिजली का तार और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कपाली लिंक रोड निवासी 66 वर्षीय नौशाद आलम ने 3 जुलाई 2026 को अपने घर से एसी का कॉपर ट्यूब, बिजली का तार, एक्सटेंशन कॉर्ड समेत अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर आजादनगर थाना में कांड संख्या 57/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने खुशबू नगर, कपाली लिंक रोड निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद आमिर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी गया सामान बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले भी मोहल्ले में बर्तन, रसोई के सामान और राशन जैसी वस्तुओं की चोरी करता रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। साकची थाना कांड संख्या 26/2026 में भी वह आरोपी रह चुका है।
आरोपी के पास से बरामद सामान
* एसी का कॉपर ट्यूब (कई टुकड़ों में कटा हुआ)
* नया एसी कॉपर ट्यूब (कटा हुआ)
* बिजली का एक्सटेंशन कॉर्ड
* होल्डर लगा पुराना बिजली का तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी चंदन कुमार ने किया। अभियान में पुलिस अधिकारियों के साथ सशस्त्र बल की टीम भी शामिल रही।

