NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी स्थित बांधडीह टोला में जमीन विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में दो बेटों ने मिलकर अपनी 80 वर्षीय मां की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से आरोपियों ने शव को जलाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
मृतका की पहचान गंगामनी महतो (80) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गंगामनी ने दो शादियां की थीं और दोनों पतियों से उनके एक-एक बेटे थे। मृतका के दोनों बेटे रवि महतो और दुर्योधन महतो जमीन को लेकर अपनी मां से विवाद कर रहे थे।
बताया जाता है कि गंगामनी पहले कई जमीनें बेच चुकी थीं। अब दोनों बेटे कुछ जमीन बेचने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन मां जमीन के कागजात पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर रही थीं। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। सोमवार शाम भी जमीन के मुद्दे पर मां और दोनों बेटों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने मिलकर मां की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जलाकर मामले को छिपाने की कोशिश की।
मंगलवार सुबह ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल एमजीएम थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सचिन दास के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने रवि महतो और दुर्योधन महतो को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पूर्व में भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

