जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शबीना कॉलोनी में पुलिस ने समय रहते बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया। हथियारों से लैस बदमाश किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पहले ही सभी धर दबोचे गए।
जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी को दोपहर करीब 3:10 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शबीना कॉलोनी स्थित मकान संख्या 1360 में कुछ अपराधकर्मी एकत्र होकर किसी अप्रिय घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार चौधरी के निर्देश पर गोलमुरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मकान की घेराबंदी की। छापेमारी के दौरान वहां मौजूद सातों लोग पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन सतर्क जवानों ने सभी को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने
* एक देशी पिस्टल
* चार कारतूस
* दो ई-सिगरेट
* एक काले रंग की स्कॉर्पियो
* एक बेस बैट
* एक लोहे का चापड़
* एक जंग लगा भुजाली
* एक चाकू
* 22,500 रुपये नकद
को जब्त किया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर गोलमुरी थाना लाया गया है, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश पर पूरी तरह रोक लग गई है। इसे जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

