NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो थाना क्षेत्र स्थित मानगो बाजार के टैंक रोड में रविवार को चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने कोलकाता ज्वेलर्स की दुकान में सेंधमारी कर करीब 11 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक जितेंद्र कुमार जब रविवार सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और चांदी के आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल मानगो थाना पुलिस को सूचना दी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसे थे। उन्होंने पहले टीन शेड की ऊपरी परत हटाई और फिर दूसरी परत को काटकर दुकान में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने दुकान में रखे लगभग चार किलोग्राम चांदी के आभूषण और करीब आठ हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। तिजोरी सुरक्षित रहने से उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी होने से बच गए। यदि तिजोरी टूट जाती तो दुकान मालिक को कहीं अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता था।
दुकान संचालक जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर घर गए थे। रविवार सुबह चोरी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

