NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के मानगो स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शनिवार को एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई। अस्पताल में ड्यूटी कर रही एक आदिवासी महिला होमगार्ड जवान पांच माह से मानदेय नहीं मिलने की जानकारी के बाद ड्यूटी के दौरान ही फूट-फूटकर रो पड़ी। आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारी से जूझ रही महिला ने भावुक होकर कहा कि यदि जल्द मानदेय नहीं मिला तो उसका जीवन चलाना मुश्किल हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह महिला को पता चला कि अगले सप्ताह भी बकाया मानदेय मिलने की संभावना नहीं है। यह सुनते ही वह मानसिक रूप से टूट गई और रोते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त करने लगी। इस दौरान उसने निराशा में आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात भी कही, जिसके बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
महिला होमगार्ड बोड़ाम थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बताया कि पिछले करीब छह माह से उसकी रीढ़ के पास तेज दर्द की समस्या बनी हुई है। एमजीएम अस्पताल सहित अन्य सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने के बावजूद उसे राहत नहीं मिली। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में एक चिकित्सक से इलाज करा रही है, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कराने की सलाह दी है। हालांकि आर्थिक तंगी के कारण वह इलाज नहीं करा पा रही है।
महिला ने बताया कि जब उसने अपने पति से इलाज के लिए पैसे मांगे तो उन्होंने भी आर्थिक परेशानी का हवाला देते हुए कहा कि मानदेय मिलने के बाद उसी पैसे से इलाज करा लेना। इस जवाब के बाद वह पूरी तरह टूट गई और अस्पताल में ही रोने लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में मौजूद अन्य होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे और महिला को अस्पताल के पूछताछ केंद्र में बैठाकर काफी देर तक समझाया। साथियों ने उसे शांत कराया और किसी तरह स्थिति को सामान्य किया। इस दौरान कई अन्य जवान भी भावुक हो गए।
बताया जा रहा है कि यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले भी एमजीएम अस्पताल में तैनात एक अन्य आदिवासी महिला होमगार्ड ने मानसिक तनाव के कारण फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया था। उपचार के बाद वह अब स्वस्थ होकर दोबारा ड्यूटी पर लौट चुकी है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं इस बात की ओर संकेत कर रही हैं कि लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं होने के कारण होमगार्ड जवान गंभीर आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहे हैं। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हालात और अधिक चिंताजनक हो सकते हैं।

