NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित फेमस नेपाली होटल में शनिवार तड़के करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया और होटल धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही टाटा स्टील अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान एक अग्निशमन कर्मी भी झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
बताया जा रहा है कि होटल में देर रात तक काम चलता रहा था। कर्मचारियों ने खाना बनाने वाली भट्टी को ठीक से बुझाए बिना ही छोड़ दिया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी से धीरे-धीरे आग भड़क गई और पूरे होटल में फैल गई।
इस हादसे में होटल का फर्नीचर, रसोई का सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। आग लगने से होटल मालिक को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

