NEWS LAHAR REPORTER
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की चर्चित घटना एक बार फिर गूंज उठी। चर्चा के दौरान पनिहाटी से विधायक और आरजी कर पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ भावुक हो गईं। अपनी बेटी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई केवल अपनी बेटी के लिए नहीं, बल्कि राज्य की हर बेटी की सुरक्षा और न्याय के लिए है।
सदन में बोलते हुए रत्ना देबनाथ ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों को कड़ी सजा और जांच प्रक्रिया में हुई कथित लापरवाहियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई। उनके संबोधन के दौरान सदन का माहौल भावुक हो गया।
इस बीच मुख्यमंत्री ने भी आरजी कर मामले पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार मामले से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा कर रही है और जांच में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि आरजी कर मामले को लेकर लंबे समय से न्याय की मांग उठती रही है। हाल के महीनों में जांच को लेकर कई नए घटनाक्रम सामने आए हैं और मामले की निगरानी को लेकर भी लगातार दबाव बना हुआ है।
रत्ना देबनाथ ने कहा कि उनकी बेटी को न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने सदन से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर और अधिक प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
