NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के चर्चित डीडी बार में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड में नामजद आरोपी एवं बार संचालक भाजपा नेता नीरज सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड लाया जा रहा है। राजस्थान के सीकर न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद जमशेदपुर पुलिस की टीम उन्हें अपने साथ लेकर रवाना हो गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के आज देर रात तक जमशेदपुर पहुंचने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, नीरज सिंह को राजस्थान के खाटूश्यामजी क्षेत्र से उनकी मोबाइल लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। लोकेशन ट्रैक होने के बाद राजस्थान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर स्थानीय थाने में रखा था। इसके बाद जमशेदपुर पुलिस की विशेष टीम राजस्थान पहुंची और प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें सीकर कोर्ट में पेश किया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर आरोपी को झारखंड लाने की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को पहले सड़क मार्ग से दिल्ली लाया गया, जहां से उन्हें विमान के जरिए रांची लाया जाएगा। इसके बाद सड़क मार्ग से रांची से जमशेदपुर लाया जाएगा।
जांच के दौरान पुलिस को संदेह है कि डीडी बार में हुए विवाद के बाद नीरज सिंह ने मुख्य आरोपी को बार बुलाया था। इसी आधार पर उनसे मामले में विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हिमांशु सिंह हत्याकांड से जुड़े कई अहम तथ्यों का खुलासा हो सकता है।
उधर, गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह भी अपने कुछ करीबी लोगों के साथ राजस्थान पहुंची थीं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जमशेदपुर पहुंचने के बाद पुलिस पूछताछ में क्या नए तथ्य सामने आते हैं।

