News Lahar Reporter
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 4 किलो 30 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को 22 अप्रैल की शाम करीब 7:45 बजे सूचना मिली थी कि टिनप्लेट स्थित खालसा स्कूल के पास एक युवक मादक पदार्थ बेचने के लिए पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) के निर्देशन में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टीम मौके पर पहुंचकर संदिग्ध की तलाश कर ही रही थी कि उसी हुलिया का एक युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, जिसके बाद टीम ने उसका पीछा किया। इस दौरान टाइगर मोबाइल के आरक्षी शम्स तबरेज खुर्शीद को हल्की चोट भी लगी, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष मुखी उर्फ बिट्टू मुखी (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बागबेड़ा थाना क्षेत्र के ट्रैफिक कॉलोनी, गुदड़ी मार्केट का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सफेद झोले में रखे चार पैकेट बरामद हुए, जिन्हें भूरे प्लास्टिक में लपेटा गया था। जांच में यह गांजा पाया गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडाधिकारी की मौजूदगी में जब्त सामान को सील कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस मामले में सिदगोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
बरामद सामान
* 4 किलो 30 ग्राम गांजा (चार पैकेट में)
* मोटरोला कंपनी का मोबाइल फोन
* होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05EE-8424)
अपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी वर्ष 2017 में मारपीट के एक मामले में बागबेड़ा थाना से जेल जा चुका है।
—

