NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के प्राचीन जयदा मंदिर तट पर सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान एक युवक के डूब जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। युवक सोमवार शाम नदी में नहाने के लिए उतरा था, लेकिन गहरे पानी में जाने के बाद वह अचानक डूब गया। देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डूबे युवक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी नगर, सिद्धू-कान्हू बस्ती, जोन नंबर-2 निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार उर्फ बल्लू के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही चौका एवं चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की।
मिली जानकारी के अनुसार प्रेम कुमार अपने दोस्त आशुदेव कुमार के साथ बाइक से चांडिल क्षेत्र घूमने गया था। दोनों शाम के समय जयदा मंदिर पहुंचे और मंदिर परिसर के नीचे स्थित सुवर्णरेखा नदी घाट की ओर चले गए। वहां प्रेम कुमार नदी में नहाने के लिए उतर गया, जबकि उसका दोस्त किनारे पर खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ देर बाद प्रेम कुमार गहरे पानी की ओर बढ़ गया और अचानक डूबने लगा। दोस्त आशुदेव ने उसे बचाने की कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं था। देखते ही देखते प्रेम कुमार नदी की गहराई में समा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। बेटे के डूबने की खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आईं। मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया, जिसके बाद नदी में खोज अभियान तेज कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ की विधायक सविता महतो भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा प्रशासन को युवक की जल्द से जल्द तलाश और रिकवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर और बहाव तेज रहता है। ऐसे में गहरे पानी में जाने से बचें और सेल्फी या रील्स बनाने के दौरान अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

