News Lahar Reporter
जमशेदपुर: जमशेदपुर में चर्चित कन्हैया यादव हत्याकांड से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। गोलमुरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या के मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला पाठक ने आखिरकार कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बुधवार को जमशेदपुर न्यायालय में सिविल जज-2 के समक्ष सरेंडर किया। कन्हैया यादव हत्याकांड के केस संख्या 8/26 में वह लंबे समय से फरार था और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
आत्मसमर्पण के बाद अब पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी। माना जा रहा है कि रिमांड के दौरान इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
गौरतलब है कि कन्हैया यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। इस मामले को लेकर पुलिस पर लगातार दबाव बना हुआ था। अब मुख्य आरोपी के सरेंडर के बाद जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

