NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर मैदान में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शिवनारायणपुर निवासी गौतम मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान गौतम मुंडा पर धारदार हथियारों और पत्थरों से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल गौतम को गंगोत्री नर्सिंग होम पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना के बाद शिवनारायणपुर और आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस इलाके में निगरानी बढ़ाए हुए है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

