NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला-खरसावां में NCORD कमेटी की बैठक, किसानों को वैकल्पिक खेती से जोड़ने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर
सरायकेला-खरसावां। जिले में अफीम की खेती, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें मादक पदार्थों से जुड़ी अवैध गतिविधियों की रोकथाम, अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई और नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उपायों की समीक्षा की गई।
बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने, औचक निरीक्षण एवं संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
अफीम की खेती की संभावना वाले क्षेत्रों पर रहेगी नजर
उपायुक्त ने अफीम की खेती की संभावना वाले क्षेत्रों में नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। संबंधित अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को संयुक्त कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को वैकल्पिक खेती के प्रति जागरूक करने और वैध एवं टिकाऊ आजीविका के विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
प्रशासन का उद्देश्य किसानों को वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित करना और अफीम की अवैध खेती की संभावनाओं को रोकना है।
स्कूलों और हाट-बाजारों में चलेगा जागरूकता अभियान
बैठक में मादक पदार्थों के सेवन से शरीर, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।
ड्रग इंस्पेक्टर को औषधि प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने तथा प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार या औषधि संबंधी नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
अवैध शराब के खिलाफ औचक निरीक्षण और छापेमारी
उपायुक्त ने उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। पुलिस और उत्पाद विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने तथा अवैध शराब से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित कदम उठाने को कहा गया।
इसके अलावा मुख्य बाजारों में शराब दुकानों के आसपास सड़क किनारे शराब सेवन करने और इससे यातायात बाधित होने की गतिविधियों पर भी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। सार्वजनिक आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा संबंधित मामलों में दुकानदारों की भूमिका सामने आने पर नियमानुसार कदम उठाने को कहा गया।
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने पर जोर
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती एवं निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने और संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। अवैध शराब की बिक्री तथा सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन से जुड़ी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए उत्पाद विभाग के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, नगर आयुक्त आदित्यपुर एजाज अनवर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सरायकेला एवं चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, उत्पाद अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, सभी अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी तथा NCORD कमेटी के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अफीम की खेती की रोकथाम, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण, अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई और नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया गया।
