NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : बिरसानगर जोन नंबर 8 स्थित श्री श्री श्यामा मां काली मंदिर में मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ शारदीय नवरात्र की शुरुआत हुई। इस अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ मां की पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति की ओर से नौ दिनों तक नवरात्र पूजा का आयोजन किया जाएगा। दशमी के दिन मां की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष तापस कर्मकार ने बताया कि मंदिर की स्थापना वर्ष 1972 में हुई थी। मंदिर में पिछले 15 वर्षों से लगातार नवरात्र और दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष बस्ती के बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की आराधना करते हैं। इस वर्ष भी पूरे भक्तिभाव और हर्षोल्लास के साथ पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नवरात्र के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। पंचमी के दिन कलश यात्रा के माध्यम से नदी से जल लाया जाएगा। षष्ठी के दिन बेलवरण के साथ मां की विशेष पूजा शुरू होगी। इसके बाद सप्तमी, अष्टमी और नवमी को विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। दशमी के दिन विधि-विधान के साथ मां का विसर्जन किया जाएगा।
तापस कर्मकार ने कहा कि यह पूजा केवल मंदिर समिति तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जमशेदपुर के श्रद्धालुओं का धार्मिक उत्सव है। मंदिर समिति की ओर से सभी नगरवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दी गईं और मां दुर्गा से सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई।

