Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र मेंस्थित सरकारी शराब दुकान में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसते हुए शराब की कई पेटियां और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना 28 फरवरी की रात से 1 मार्च के बीच की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शराब दुकान के सेल्समैन नेपाल महतो के आवेदन पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चोरों ने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया और दुकान से कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि बोड़ाम क्षेत्र में पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक चोरों पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पाई है। इस ताजा घटना के बाद एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मुखबिरों का जाल फैलाया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

