जमशेदपुर : जमशेदपुर के कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह के गुरु माने जाने वाले विक्रम शर्मा की उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार विक्रम शर्मा रोज की तरह सुबह जिम से लौट रहे थे। इसी दौरान सिल्वर सिटी मॉल के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से विक्रम शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक तौर पर इसे गैंगवार या आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है।
उल्लेखनीय है कि विक्रम शर्मा का नाम जमशेदपुर और झारखंड के आपराधिक जगत में लंबे समय से चर्चा में रहा है। उनकी हत्या के बाद झारखंड और उत्तराखंड दोनों राज्यों में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
