NEWS LAHAR REPORTER
ग्रामीण क्षेत्र में रक्तदान को लेकर दिखा उत्साह, महिलाओं और पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा; 22 नवंबर को लगेगा अगला शिविर
गम्हरिया। समाजसेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने दुग्धा पंचायत सचिवालय में अपना 91वां रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस वर्ष का यह 17वां रक्तदान शिविर रहा। शिविर में निर्धारित लक्ष्य को पार करते हुए कुल 108 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
गम्हरिया प्रखंड के दुग्धा ग्राम स्थित पंचायत सचिवालय में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित इस शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह देखने लायक रहा। नियमित रक्तदाताओं के साथ कई महिलाओं और ऐसे युवाओं ने भी रक्तदान किया, जिन्होंने पहली बार इस पुनीत कार्य में भाग लिया। ग्रामीण क्षेत्र में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का संचालन दुग्धा पंचायत के मुखिया मोहन बास्के एवं उप मुखिया दिलीप महतो के संरक्षण में तथा युवा समाजसेवी बबलू प्रधान के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में ब्रह्मानंद ब्लड सेंटर और स्थानीय बीके स्टील कंपनी का विशेष सहयोग रहा।
इस पुनीत कार्य में मंडली के संस्थापक-सह-संरक्षक के अलावा बबलू प्रधान, मंटू सिंह मोदक, आशुतोष प्रधान, देबाशीष प्रधान, राजकुमार नायक, प्रकाश प्रधान, मनीष मुखर्जी, दिलीप कुमार, सनोज कुमार सिंह, शारदानंद चौधरी, ऋतिक प्रसाद, जसपाल सिंह और श्रीदाम कुमार मंडल का विशेष योगदान रहा।
मंडली की ओर से बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रत्येक तीन महीने में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। इस तरह साल में चार शिविर लगाने की योजना है।
मंडली ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही घोषणा की कि अगला रक्तदान शिविर 22 नवंबर 2026, रविवार को जमशेदपुर ब्लड सेंटर, जमशेदपुर में आयोजित किया जाएगा।

