NEWS LAHAR REPORTER
एसपी अमित रेणू के निर्देश पर निकला मार्च, महिला पुलिस जवान भी रहीं शामिल; असामाजिक तत्वों को सतर्क रहने का संदेश
गुवा संवाददाता। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को गुवा पुलिस ने गुवा बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक अमित रेणू के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व किरीबुरू एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो, इंस्पेक्टर समीर तिर्की तथा गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने किया। मार्च गुवा थाना परिसर से शुरू होकर बिरसा नगर-2, डीएवी स्कूल, कच्छी धौड़ा, रेलवे मार्केट और रामनगर होते हुए गुवा बाजार पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान और महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहीं।
पूजा पंडालों और बाजारों की सुरक्षा पर विशेष नजर
दुर्गा पूजा के दौरान बाजारों, पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही, त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी सक्रियता का संदेश दिया।
पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों को सतर्क करना है। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और लोग निर्भय होकर पूजा-अर्चना एवं उत्सव में शामिल हो सकें।
गुवा पुलिस ने फ्लैग मार्च के जरिए यह संदेश दिया कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
