NEWS LAHAR REPORTER
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के एक बालक और एक बालिका को लीड मेंबर बनाने की अपील, विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता गतिविधियों से जोड़ने की तैयारी
जमशेदपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में रवीन्द्र भवन ऑडिटोरियम, साकची में Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 के प्रभावी संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के उच्च विद्यालयों, प्लस टू विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राधिकृत ईएलसी समन्वयकों ने भाग लिया। कार्यशाला में जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षण संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लब के गठन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया, सदस्यों के विवरण की प्रविष्टि तथा मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों के प्रभावी संचालन की जानकारी देना था। इस दौरान संस्थानों में ईएलसी को सक्रिय बनाने और विद्यार्थियों के बीच निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी बनेंगे लीड मेंबर
कार्यशाला में जिले के सभी विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से अपील की गई कि वे कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों में से एक बालक तथा एक बालिका को लीड मेंबर के रूप में नामित करें। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की भागीदारी के माध्यम से निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता गतिविधियों को गति देना है।
लीड मेंबर अपने संस्थानों में निर्वाचन संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों के संचालन में सहयोग करेंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
आधिकारिक पोर्टल और ECINET के उपयोग का प्रशिक्षण
कार्यशाला में ईएलसी के गठन, पंजीकरण और सदस्यों के विवरण की प्रविष्टि के संबंध में भी जानकारी दी गई। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल eci.gov.in/electoral-literacy-club अथवा ECINET प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की प्रक्रिया समझाई गई।
अधिकारियों ने संस्थानों से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ईएलसी का संचालन सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को निर्वाचन से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
SIR-2026 के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
कार्यशाला में SIR-2026 से संबंधित जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों तक निर्वाचन संबंधी सही जानकारी पहुंचाने और विद्यार्थियों के जरिए उनके परिवारों एवं समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाने के महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने ईएलसी को केवल संस्थागत गतिविधि तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनकी समझ विकसित करने का माध्यम बनाने पर जोर दिया।
कई निर्वाचन पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रशिक्षण कार्यशाला में ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, डीसीएलआर धालभूम सच्चिदानंद महतो सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से शिक्षण संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लब को सक्रिय करने, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने और मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने का संदेश दिया गया।
