NEWS LAHAR REPORTER
शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और तेज रफ्तार पर होगी कड़ी कार्रवाई, संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर
गुवा संवाददाता। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए गुवा थाना प्रशासन अलर्ट मोड पर है। त्योहारों के दौरान सड़क सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना प्रशासन की ओर से विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा से लेकर दीपावली और छठ पूजा तक लगातार विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट बाइक चलाने, आवश्यक कागजात नहीं रखने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर पुलिस विशेष नजर रखेगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। इसके साथ ही दुर्गा पूजा पंडालों, मेलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के आसपास पुलिस गश्ती बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि त्योहारों के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें और वाहन के आवश्यक कागजात साथ रखें। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

