NEWS LAHAR REPORTER
32वीं पुण्यतिथि पर मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा माझी और तीन विधायकों ने दी श्रद्धांजलि; रूपी सोरेन के निधन के कारण इस वर्ष नहीं हुई सभा
गोईलकेरा, 14 अक्टूबर। जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले शहीद देवेंद्र माझी की 32वीं पुण्यतिथि बुधवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। गोईलकेरा हाट मैदान स्थित शक्ति स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्य के राजस्व, भूमि सुधार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, मझगांव विधायक निरल पुरती, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव और मनोहरपुर विधायक जगत माझी सहित झामुमो नेताओं और सैकड़ों समर्थकों ने पुष्प अर्पित कर महान जननायक को नमन किया।
कार्यक्रम में नगर परिषद चक्रधरपुर के अध्यक्ष सन्नी उरांव, जिला परिषद उपाध्यक्ष एवं झामुमो नेता रंजित यादव समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समर्थक और अनुयायी शामिल हुए। चक्रधरपुर, चाईबासा, जगन्नाथपुर, सोनुवा, मनोहरपुर, गुदड़ी, आनंदपुर, राजनगर, सरायकेला, आदित्यपुर, गम्हरिया, गुवा और किरीबुरू सहित विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
रूपी सोरेन के निधन से सादगी के साथ मनाई गई पुण्यतिथि
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन के कारण इस वर्ष शहीद देवेंद्र माझी की पुण्यतिथि पर पारंपरिक सभा का आयोजन नहीं किया गया। कार्यक्रम को सादगी के साथ संपन्न किया गया। इस दौरान मंच पर उपस्थित मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य नेताओं ने रूपी सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सांसद जोबा माझी ने सारंडा और पोड़ाहाट के सुदूरवर्ती गांवों से पहुंचे देवेंद्र माझी के अनुयायियों को स्थानीय हो भाषा में संबोधित किया। उन्होंने रूपी सोरेन के निधन के कारण इस वर्ष कार्यक्रम सादगी से आयोजित किए जाने की जानकारी दी।
मंत्री दीपक बिरुवा बोले—अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देते हैं देवेंद्र माझी
मंत्री दीपक बिरुवा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शहीद देवेंद्र माझी जंगल आंदोलन के अमर नायक हैं। उन्होंने आदिवासियों, गरीबों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनकी शहादत हमें अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने और उनके विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि पर उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
वहीं, मझगांव विधायक निरल पुरती और चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने भी शहीद देवेंद्र माझी को महान योद्धा बताते हुए उनके संघर्षों और विचारों को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके अधूरे सपनों को साकार करने और जल, जंगल तथा जमीन पर लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करना जरूरी है।
सांसद जोबा माझी के आवास पर भी दी गई श्रद्धांजलि
मुख्य कार्यक्रम से पहले चक्रधरपुर स्थित सांसद जोबा माझी के आवास पर भी शहीद देवेंद्र माझी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।
कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम, जिला सचिव राहुल आदित्य, सरायकेला झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो, वरिष्ठ झामुमो नेता कालीपद सोरेन, अकबर खान, गणेश बोदरा, जगदीश नारायण चौबे, विशू हेम्ब्रम, रामसिंह हेम्ब्रम, दीपक प्रधान, अभिषेक सिंकू, मोहम्मद तबारक, दिनेश गुप्ता, सुखमती बानरा, आसमान सुंडी, जानकी हेम्ब्रम, मुकेश रजक, संतोष पांडे, किशोर कुमार खलखो, चंचल रवानी चीकू, बिनोद सिंह और बंधना उरांव समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
व्यस्तता के बीच सांसद और विधायक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में व्यस्त रहने के बावजूद सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने सुदूरवर्ती क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपे।
सांसद और विधायक ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया। इससे कार्यक्रम में पहुंचे ग्रामीणों को अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के सामने रखने का अवसर मिला।
आदिवासी परंपरा के तहत सांसद को भेंट किए वस्त्र, चावल और रुपये
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी परंपरा के अनुरूप शहीद देवेंद्र माझी के समर्थकों और अनुयायियों ने उनकी पत्नी एवं सांसद जोबा माझी को वस्त्र, चावल और रुपये भेंट किए। सांसद ने लोगों के स्नेह और सम्मान को स्वीकार करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
बताया गया कि आदिवासी समाज में किसी व्यक्ति के निधन के बाद रिश्तेदार और करीबी लोग शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना और सहयोग प्रकट करने के लिए खाद्य सामग्री, वस्त्र और रुपये भेंट करते हैं। इसी परंपरा के तहत समर्थकों ने सांसद को ये सामग्री प्रदान की।
इस दौरान समर्थक हरीश बोदरा ने भेंट की गई सामग्री प्राप्त की और उसे देने वाले लोगों के नाम एवं पते एक कॉपी में दर्ज किए।

