NEWS LAHAR REPORTER
ए टाइप काली पूजा कमिटी के अध्यक्ष टिक्की मुखी ने पंडाल निर्माण का लिया जायजा, 10 फीट ऊंची मां काली की प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र
जादूगोड़ा। जादूगोड़ा स्थित यूसिल कॉलोनी के ए टाइप काली पूजा कमिटी की ओर से काली पूजा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पूजा कमिटी के अध्यक्ष टिक्की मुखी ने संध्या समय पूजा पंडाल के निर्माण में जुटे कारीगरों से मुलाकात कर तैयारियों का जायजा लिया और पंडाल के स्वरूप को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
टिक्की मुखी ने बताया कि राजा टेंट हाउस की ओर से भव्य पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाने की तैयारी है। इस वर्ष पूजा का मुख्य आकर्षण 10 फीट ऊंची मां काली की भव्य प्रतिमा होगी। पंडाल की सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
1982 से हो रही है मां काली की पूजा
कमिटी के अध्यक्ष टिक्की मुखी ने बताया कि ए टाइप कॉलोनी में वर्ष 1982 से मां काली की पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में मां काली को प्रसन्न करने के उद्देश्य से दस स्वरूपों की पूजा भी की गई थी। इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा पंडाल में आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
बाजारों में बढ़ी खरीदारी, श्रद्धालुओं में उत्साह
काली पूजा को लेकर जादूगोड़ा के बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। पूजा सामग्री, फूल-माला, मिठाई और सजावट के सामान की खरीदारी में तेजी देखी जा रही है। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। पूजा कमिटी के सदस्य पंडाल को भव्य और आकर्षक रूप देने में जुटे हुए हैं।
टिक्की मुखी ने कहा कि काली पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर इस पर्व को शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारी कर रहे हैं।

