जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के तीन नगर निकायों—मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत की मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना के साथ ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि मानगो का मेयर कौन बनेगा और जुगसलाई व चाकुलिया को नया अध्यक्ष कौन मिलेगा।
प्रशासन के अनुसार सबसे पहले चाकुलिया नगर पंचायत के अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित होगा। इसके बाद जुगसलाई नगर परिषद और अंत में मानगो नगर निगम के मेयर पद का नतीजा आएगा। पूरी प्रक्रिया के लिए कुल 213 कर्मियों की तैनाती की गई है।
मानगो नगर निगम की मतगणना के लिए 48 टेबल लगाए गए हैं। प्रत्येक टेबल पर दो सहायक और एक सुपरवाइजर तैनात रहेंगे। यहां कुल 144 कर्मी मतगणना कार्य में लगाए गए हैं। चार चक्रों की काउंटिंग पूरी होने के बाद मेयर पद का परिणाम घोषित किया जाएगा।
जुगसलाई नगर परिषद की मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। यहां 42 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। तीन चक्रों में काउंटिंग पूरी होगी, जिसके बाद अध्यक्ष पद का परिणाम सामने आएगा।
चाकुलिया नगर पंचायत में 9 टेबल पर 27 कर्मचारी मतगणना करेंगे। यहां दो चक्रों में मतगणना पूरी होगी और सबसे पहले यहीं का परिणाम घोषित किया जाएगा।
तीनों नगर निकायों में कुल 418 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 13 उम्मीदवार मेयर पद के लिए और 12 उम्मीदवार नगर परिषद/नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हैं।
मानगो में भाजपा समर्थित संध्या सिंह और कांग्रेस समर्थित सुधा गुप्ता के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। जुगसलाई में भाजपा समर्थित रिंकू सिंह और निर्दलीय उम्मीदवार नौशीन खान के बीच कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है।
मानगो नगर निगम के 36 वार्डों में 269 उम्मीदवार, जुगसलाई के 22 वार्डों में 87 उम्मीदवार और चाकुलिया के 12 वार्डों में 37 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि किस वार्ड से कौन विजेता बनकर सामने आता है।
