NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सोमवार को जिले के तीन थानों में नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसके तहत फागुनी पासवान को सीतारामडेरा, मंटू कुमार को बिरसानगर और संतोष कुमार को श्यामसुंदरपुर थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, फागुनी पासवान को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर सीतारामडेरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, कदमा थाना में जेएसआई के पद पर कार्यरत मंटू कुमार को बिरसानगर थाना की कमान सौंपी गई है। इसी तरह जुगसलाई थाना में जेएसआई के रूप में कार्यरत संतोष कुमार को श्यामसुंदरपुर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि सीतारामडेरा के पूर्व थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को निलंबित किए जाने के बाद यह पद रिक्त हो गया था। इसके अलावा बिरसानगर और श्यामसुंदरपुर थानों में भी थाना प्रभारी के पद खाली थे। अब तीनों थानों में नई नियुक्तियों के साथ रिक्त पदों को भर दिया गया है। एसएसपी के आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों ने नई जिम्मेदारियां संभालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

