NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : कमलपुर थाना क्षेत्र के ओड़िया मौजा में खदान संचालन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। खदान संचालक नवीन कुमार सिंह ने सात नामजद लोगों समेत अन्य के खिलाफ रंगदारी मांगने, कर्मचारियों को डराने और खनन कार्य में बाधा डालने की शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला ओड़िया मौजा के लायाडीह टोला स्थित आठ एकड़ की खदान से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, खदान खाता संख्या 624 और प्लॉट संख्या 1988 पर स्थित है। इसके खनन पट्टे की वैधता अक्टूबर 2027 तक है।
तीन लाख रुपये मांगने का लगाया आरोप
खदान संचालक का आरोप है कि खदान चलाने के बदले उनसे रंगदारी मांगी जा रही थी। शिकायत में कहा गया है कि लगभग तीन महीने पहले तीन लाख रुपये की मांग की गई थी। रकम देने में असमर्थता जताने पर खदान बंद कराने और जान से मारने की धमकी दी गई।
इस मामले में लक्ष्मीपद मुर्मू, रंजीत मुर्मू, बुलेट हेंब्रम, श्रीराज मुर्मू, गिरीनाथ मुर्मू, परशुराम मुर्मू और द्विजपद मुर्मू के नाम शिकायत में दर्ज कराए गए हैं।
हथियार लेकर पहुंचने और कर्मचारियों को धमकाने का दावा
नवीन कुमार सिंह के मुताबिक, 10 सितंबर को कुछ लोग लाठी-डंडे और अन्य हथियार लेकर खदान पहुंचे थे। वहां काम कर रहे कर्मचारियों को धमकाया गया। इस दौरान पोकलेन ऑपरेटर ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि खदान में कामकाज प्रभावित होने से वहां पानी भर गया है। इसके कारण दो से तीन करोड़ रुपये मूल्य की पोकलेन (हिताची) मशीन समेत अन्य वाहन पानी में फंसे हुए हैं। उनका कहना है कि पिछले करीब छह महीने से खनन कार्य प्रभावित है, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि खदान संचालक की लिखित शिकायत पर कांड संख्या 19/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गुरुवार को पुलिस टीम ओड़िया गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

