News Lahar Reporter:
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के थीम पार्क के समीप 24 मार्च की रात आदर्श सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. अयान को गिरफ्तार किया है। साथ ही, इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों मो. फरदीन खान, शैद उर्फ शाहिद और फैज राजा उर्फ फैजू को भी दबोच लिया गया है।
थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब्दुल मारुफ और अब्दुल रहमान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी अयान और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी थी, जिसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चापड़ और स्कूटी भी बरामद की है, जिससे मामले की जांच और मजबूत हुई है। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अयान ने कबूल किया कि आदर्श सिंह के साथ पुराने विवाद के कारण ही यह हमला किया गया था।
पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है। आदर्श की पूर्व प्रेमिका हर्षिता की संभावित संलिप्तता को लेकर भी जांच जारी है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

