NEWS LAHAR REPORTER
नदी किनारे चल रहा था अवैध शराब बनाने का कारोबार, छापेमारी में 150 लीटर देसी शराब जब्त; टीम को देखकर संचालक फरार
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार, 4 नवंबर को पोटका थाना क्षेत्र के रानीकुंदर, शंकरदा और लोवाडीह गांवों में नदी किनारे चल रही अवैध शराब की भट्ठियों पर छापेमारी की गई। इस दौरान शराब बनाने की भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर निरीक्षक उत्पाद, घाटशिला क्षेत्र के पर्यवेक्षण में विभागीय टीम ने यह अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला करीब 8000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद हुआ, जिसे घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा 150 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही अवैध शराब की भट्ठियों का संचालन करने वाले लोग मौके से फरार हो गए। इस कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। विभाग की ओर से फरार संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

