Jamshedpur : जमशेदपुर में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया गया। इसमें उपायुक्त के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन एवं सुझाव उप विकास आयुक्त के समक्ष रखे।
जन शिकायत निवारण दिवस में जमीन अधिग्रहण से संबंधित लंबित मुआवजा भुगतान, पेंशन एवं मंईया सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने, पारिवारिक एवं दांपत्य प्रताड़ना, सड़क दुर्घटना पीड़ितों को सहायता, भूमि विवाद, निजी जमीन पर अवैध कब्जा, गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता, कृषि ऋण माफी नहीं होने, आपसी लेन-देन विवाद, निर्धन बच्चों को सहायता, भूमि सीमांकन, आधार कार्ड अपडेट, जाहेरस्थान की घेराबंदी, घंटी आधारित शिक्षक की नियुक्ति सहित कई जनहित से जुड़े मामलों को रखा गया।
उप विकास आयुक्त ने सभी आवेदनों को क्रमवार सुनते हुए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अग्रसारित किया और स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कई आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों की विभागीय समीक्षा नियमित रूप से की जा रही है, ताकि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान हो सके।

