NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला–खरसावाँ (संवाददाता):
भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी श्री नीतिश कुमार सिंह ने समाहरणालय सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने अभियान से जुड़ी सभी प्रमुख तैयारियों और प्रक्रियाओं की जानकारी मीडिया को दी।
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना–2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में प्रस्तावित है।
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। प्रगणक और पर्यवेक्षक डिजिटल उपकरणों के जरिए डेटा संग्रह कर सीधे केंद्रीय सर्वर पर अपलोड करेंगे। साथ ही आम नागरिकों के लिए 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रथम चरण के दौरान परिवार और आवास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की जाएंगी, जिसमें परिवार के सदस्यों का विवरण, शिक्षा, संसाधन (टीवी, इंटरनेट, वाहन आदि) समेत अन्य आधारभूत जानकारी शामिल होगी। इन आंकड़ों का उपयोग सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण और बेहतर क्रियान्वयन में किया जाएगा।
जिले में इस कार्य के लिए कुल 12 चार्ज (3 शहरी और 9 ग्रामीण) बनाए गए हैं। साथ ही 2245 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) गठित किए गए हैं और 2518 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। 46 फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से 27 अप्रैल से 13 मई 2026 तक सभी कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसके बाद वे घर-घर जाकर निर्धारित समय सीमा में गणना कार्य करेंगे।
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि प्रगणक जब घर आएं तो सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं और स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें।
उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान की सफलता में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है, जो आमजन तक सही और समय पर जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला सांख्यिकी एवं मूल्यांकन पदाधिकारी कमलेश कुमार दास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

