जमशेदपुर: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च से राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलेगा और गर्जन के साथ हल्की बारिश व वज्रपात की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बताया कि 26, 27 और 28 मार्च के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में तेज गर्जना, हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात हो सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।
26 मार्च को खासतौर पर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। वहीं 27 और 28 मार्च को भी राज्य के अन्य हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 32.1 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची में बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री था, वहीं रविवार को यह गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस हो गया।
इसी तरह जमशेदपुर में 4 डिग्री, डाल्टनगंज में 7 डिग्री और बोकारो में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पूरे राज्य में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक नीचे आ गया है।
रविवार को रांची में अधिकतम 26.4 और न्यूनतम 13.1 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 29.8 और न्यूनतम 17.4 डिग्री तथा डाल्टनगंज में अधिकतम 29.4 और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं बोकारो में अधिकतम 31.1 और न्यूनतम 15.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31 और न्यूनतम 16.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

