NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डैम डूबी अंसार नगर स्थित फॉरेस्ट इलाके के बावनबीघा में मंगलवार को एक युवक का अधजला शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव का चेहरा पूरी तरह जल चुका है, जबकि शरीर के अन्य हिस्से भी बुरी तरह झुलसे हुए हैं। ऐसे में मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि यह शव कपाली से कई दिनों से लापता मुस्तकीम उर्फ ‘चप्पल वाले’ का हो सकता है। बताया जा रहा है कि मुस्तकीम इलाके में चप्पल बेचने का काम करता था। शव मिलने की सूचना पर उसके परिजन भी घटनास्थल पहुंचे और आशंका जताई कि यह शव मुस्तकीम का हो सकता है।
हालांकि, मामले में नया मोड़ तब आया जब घटनास्थल के पास से एक अधजला आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड पर किसी अन्य व्यक्ति का नाम दर्ज होने की बात सामने आई है, जिससे शव की पहचान को लेकर संशय और गहरा गया है।
परिजनों का कहना है कि मुस्तकीम एक हाथ में अंगूठी पहनता था और बरामद शव की उंगली में भी अंगूठी मिली है। इसी आधार पर परिजन शव को मुस्तकीम का बता रहे हैं। वहीं पुलिस फिलहाल वैज्ञानिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शव की शिनाख्त करने में जुटी है।
पुलिस हत्या की इस वारदात के हर पहलू की जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक घटनास्थल तक कैसे पहुंचा, उसके साथ कौन लोग थे और वारदात को किसने अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही शव की पहचान कर ली जाएगी और इस हत्या के पीछे शामिल आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।

