News Lahar Reporter
पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। यह घटना टाटा–हाता मुख्य मार्ग पर तुड़ी गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप सुबह करीब पांच बजे हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, श्याम सिंह मुंडा (50) पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल के उलीडीह गांव के मूल निवासी थे और वर्तमान में जमशेदपुर के बिरसानगर में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। मंगलवार सुबह वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से अपने पैतृक गांव जा रहे थे। इसी दौरान तुड़ी गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक हाईवा वाहन से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि श्याम सिंह मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी भी सड़क पर गिरकर जख्मी हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पोटका थाना पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने श्याम सिंह मुंडा को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी का इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवा वाहन सड़क किनारे खड़ा था और संभवतः पर्याप्त संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने बाइक और हाईवा को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

