सरायकेला: खरसावां प्रखंड के सीनुडीह, प्रधानडीह, खेजुरदा समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही सड़क के सुदृढ़िकरण कार्य में भारी अनियमितता का आरोप लगाया है। यह सड़क कुचाई के धातकीडीह से सीनुडीह और प्रधानडीह होते हुए खरसावां के खेजुरदा तक लगभग 3.8 किलोमीटर लंबी है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण एजेंसी नियमों को ताक पर रखकर कार्य कर रही है। सड़क पर बिछाई जा रही पिच इतनी घटिया है कि पैर से मसलने पर ही उखड़ जा रही है। डस्ट के ऊपर सीधे अलकतरा और गिट्टी का मिश्रण डाल दिया जा रहा है, जबकि नियमानुसार केमिकल इमल्शन का सही तरीके से उपयोग नहीं किया जा रहा है। अलकतरा और गिट्टी का अनुपात भी मानक के अनुसार नहीं है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसकी जांच की मांग की है। जब तक उच्चस्तरीय जांच नहीं होती, तब तक काम बंद रखने की चेतावनी दी गई है। मामले की जानकारी संबंधित विभाग को भी दे दी गई है।
