जमशेदपुर: कोल्हान क्षेत्र में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किसपटाह मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचे। उनके आगमन पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया।
जमशेदपुर पहुंचने के बाद डीआईजी ने शहर के पुलिस कार्यालय में उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के सभी वरीय पुलिस अधिकारी, डीएसपी और विभिन्न थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों की स्थिति और अपराध नियंत्रण की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आने वाले त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। डीआईजी अनुरंजन किसपटाह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को अधिक सतर्कता और सक्रियता के साथ काम करना होगा।
उन्होंने विशेष रूप से चोरी, लूट, छिनतई और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आम लोगों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने की सलाह दी।
डीआईजी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है और इसके लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

