NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : मानगो छोटे पुल पर सोमवार को उस वक्त लोगों के बीच हलचल मच गई, जब एक महिला अपने करीब एक साल के बच्चे को लेकर नदी किनारे पहुंच गई। महिला की स्थिति देखकर पुल से गुजर रहे लोगों ने मामले की गंभीरता को समझा और तुरंत उसके पास पहुंचकर उसे समझाने की कोशिश की।
राहगीरों ने महिला और उसके बच्चे को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला वहां से चली गई। इस दौरान पुल पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि महिला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा की रहने वाली है। महिला ने राहगीरों को बताया कि वह अपने पति के व्यवहार और पारिवारिक विवाद को लेकर परेशान चल रही थी। उसका पति पेंटिंग का काम करता है। महिला के मुताबिक, पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह काफी तनाव में थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महिला से संपर्क करने और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। महिला के नदी किनारे पहुंचने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
राहगीरों की सूझबूझ और तत्परता के कारण महिला और उसका बच्चा सुरक्षित रहे। पुलिस मामले से जुड़े पारिवारिक और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

