News Lahar Reporter:
मनोहरपुर
मनोहरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद मामला अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक पासवान अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गहरी नाराज़गी जताई।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार और बीडीओ शक्तिकुंज से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। वहीं, चिकित्सा प्रभारी को तीन दिनों के भीतर प्रसव और उपचार से जुड़ी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान दीपक पासवान ने अस्पताल में व्याप्त संसाधनों की भारी कमी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने अल्ट्रासाउंड तकनीशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, सर्जन, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, ब्लड स्टोरेज यूनिट और ऑक्सीजन प्लांट जैसी आवश्यक सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस संबंध में उन्होंने जिला चिकित्सा पदाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर जल्द समाधान की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा आंदोलन करने को बाध्य होगी। अस्पताल पहुंचने से पहले उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही, मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान भाजपा प्रखंड युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय प्रजापति, पूर्व जिला महामंत्री सुशीला टोप्पो, संतोष तिवारी, सुशांत नायक, रोबो लकड़ा, कैलाश गुप्ता, जामा खान, रामनाथ किस्पोट्टा, हेमंत सांडिल, प्रदीप मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

