रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren ने प्रकृति पर्व सरहुल और ईद के मौके पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए सरहुल को प्रकृति, पर्यावरण और मानव जीवन के गहरे रिश्ते का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरहुल केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह हमें जल, जंगल और जमीन के साथ संतुलन बनाकर आगे बढ़ने की सीख देता है। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ईद-उल-फितर के अवसर पर भी लोगों को दिली मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि यह त्योहार प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। रमज़ान के दौरान किए गए संयम, सेवा और इबादत समाज में करुणा और एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सरहुल पर्व पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रकृति, संस्कृति और आदिवासी परंपराओं का अद्भुत संगम बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें धरती और जीवन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।
इसी क्रम में रांची के सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी सरहुल की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने सृष्टि के आरंभ से ही बिना किसी अपेक्षा के सभी जीवों को दिया है और सरहुल उसी दातव्य भावना के प्रति आभार प्रकट करने का पर्व है। उन्होंने सभी से प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पर्व को मनाने का आह्वान किया।

