जमशेदपुर: नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को बोड़ाम थाना क्षेत्र के ग्राम लावजोड़ा में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी छापेमारी की।
विशेष योजना के तहत की गई इस कार्रवाई में विक्रम महतो के घर पर छापा मारा गया, जहां से पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए अधिकृत विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब और बीयर का भारी भंडार बरामद किया गया। टीम ने मौके से 33.420 लीटर अवैध विदेशी शराब और 9.100 लीटर बीयर जब्त की।
छापेमारी के दौरान आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उत्पाद टीम की सतर्कता से उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
प्रशासन का मानना है कि यह कार्रवाई झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराने की दिशा में एक अहम कदम है। पूरी कार्रवाई उत्पाद विभाग की टीम द्वारा की गई।
