जमशेदपुर : नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो गई है। पहले ही दिन विभिन्न निकायों में प्रत्याशियों के बीच उत्साह देखने को मिला। मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में महापौर, अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे।
मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 6 अभ्यर्थियों तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 120 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। महापौर पद के लिए कुमकुम श्रीवास्तव, साईस्ता परवीन, अनीता देवी, काकोली महतो, जेबा कादरी और रायमुनी सुंडी ने फॉर्म लिया।
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 6 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 18 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र खरीदे। अध्यक्ष पद के दावेदारों में निलोफर हुसैन, डौली मलिक, अर्चना दूबे, मुस्सर्रत खातुन और बलबीर कौर प्रमुख हैं।
वहीं चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए 3 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 22 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। अध्यक्ष पद के लिए संध्या रानी सरदार, सुजाता मुर्मू और शीलावती टुडू ने दावेदारी पेश की है।
पहले दिन ही बड़ी संख्या में नामांकन फॉर्म की बिक्री से साफ है कि इस बार निकाय चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की तैयारियां जारी हैं।

